कालागढ़। पहाड़ों पर हो रही बारिश के चलते रामगंगा बांध का जलस्तर 350.49 मीटर पर पहुंच गया है। बांध के अधीक्षण अभियंता आरके अग्रवाल का कहना है कि पहाड़ों से बरसात का पानी बांध के जलाशय में तेजी से आ रहा है। इससे बांध का जलस्तर बढ़ रहा है। हालांकि अभी बांध से पानी की निकासी की आवश्यकता नहीं है। कालागढ़ स्थित रामगंगा बांध का जलस्तर रविवार की दोपहर 350.490 मीटर पहुंच गया है। तेज बारिश होने पर बांध में पानी की मात्रा बढ़ सकती है। बाढ़ से जूझ रहे रामगंगा नदी के तटीय इलाके के लिए अच्छी खबर है कि कालागढ़ डैम से पानी की निकासी नहीं की जाएगी। बारिश के कम होने के साथ ही इन इलाकों को बाढ़ से निजात मिल सकेगी। इस बारे में बांध के अधीक्षण अभिंयता का कहना है कि अभी जलस्तर 355 मीटर से कम है। बांध का जलस्तर 355 मीटर होने पर बारिश की स्थिति और मैदानी इलाके में पानी की मांग पर निकासी की जा सकती है। बांध से बिजली उत्पादन व सिंचाई के लिए पानी का संग्रह बांध में किया जा रहा है। पूरे वर्ष के लिए पानी का संग्रह अति आवश्यक है। अभी पानी की निकासी नहीं होगी।