अमरोहा। स्वास्थ्य विभाग मलिन बस्तियों में स्वास्थ्य कैंप लगाएगा। नगरीय मलिन बस्तियों में कैंप लगाकर समाज के कमजोर वर्गों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने की विभाग तैयारी कर रहा है। स्वास्थ्य शिविर के दौरान जरूरतमंद लोगों के इलाज के लिए सामान्य ओपीडी आयोजित की जाएगी। विभाग की योजना के अनुसार 15 अगस्त को जिलेभर की नगरीय मलिन बस्तियों में स्वास्थ्य कैंप लगाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें दवाइयां दी जाएंगी। नगर क्षेत्र की छेबड़ा, कुरैशी, मोहम्मदी सराय और कटकुई पीएचसी का स्टाफ मलिन बस्तियों में जाकर स्वास्थ्य कैंप लगाएगा। इसके अलावा गजरौला, हसनपुर, रहरा, उझारी और जोया में भी स्वास्थ्य स्टाफ के साथ ही राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीमें स्वास्थ्य शिविर लगाकर मलिन बस्तियों के लोगों का इलाज करेंगी। सीएमओ डा. रमेश शर्मा के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग की टीमें ओपीडी रजिस्टर अपने साथ लेकर जाएंगी। ओपीडी रजिस्टर में दर्ज मरीजों की संख्या का ब्यौरा सीएमओ कार्यालय में जमा करना होगा।