न्यायिक कार्यों से विरत रहे अधिवक्ता
बिजनौर। गाजियाबाद मेें अधिवक्ता से हुई मारपीट के विरोध में हाईकोर्ट बेंच संघर्ष समिति के आह्वान पर अधिवक्ता शुक्रवार को न्यायिक कार्यों से विरत रहे। जिला बार ने अधिवक्ता से मारपीट करने के आरोपी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव चौहान की अध्यक्षता एवं सचिव अजीत पंवार के संचालन में हुई बैठक में गाजियाबाद बार एसोसिएशन के सदस्य अधिवक्ता डीसी गौतम को थाना विजय नगर की पुलिस द्वारा अवैध हिरासत में रखकर लाठी-डंडों से मारपीट करने तथा कचहरी प्रांगण में एसपी सिटी द्वारा अधिवक्ताओं के साथ गाली-गलौच करने की कड़े शब्दों में निंदा की। बैठक में प्रस्ताव पारित कर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई। हाईकोर्ट बेंच स्थापना संघर्ष समिति के आह्वान पर न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया।