अमरोहा। सब्जी मंडी में बना 30 बेड का मैटरनिटी सेंटर सालों से मरीजों की राह देख रहा है। करोड़ों रुपये की लागत से बने मैटरनिटी सेंटर को स्टाफ की कमी के चलते चालू नहीं किया जा सका था। अब जल्द ही इसमें महिलाओं के प्रसव और बच्चों के टीकाकरण की सुविधा शुरू होने जा रही है। बुधवार को मैटरनिटी सेंटर पर साफ-सफाई कराने के अलावा जरूरी उपकरणों की व्यवस्था देखी गई।
सीएमओ डॉ. रमेशचंद्र शर्मा ने बताया कि फिलहाल मैटरनिटी सेंटर पर दो स्टाफ नर्स और एक एएनएम की तैनाती रहेगी। यहां गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी के साथ ही बच्चों का टीकाकरण भी किया जाएगा। सेंटर पर हफ्तेभर में सुविधाएं मिलने लगेंगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही चौधरपुर पीएचसी पर भी डिलीवरी की सुविधा मुहैया करायी जाएगी। ताकि गर्भवती महिलाओं के परिजनों को डिलीवरी कराने के लिए अमरोहा और मुरादाबाद के चक्कर न लगाने पड़ें।