कई किसानों की धान की फसल हुई चौपट
नजीबाबाद। बृहस्पतिवार की देर शाम से मौसम का मिजाज बदलने से गर्मी से लोगों ने राहत महसूस की। दो दिन से लगातार रुक-रुक कर हो रही वर्षा से तापमान में गिरावट आई। गन्ने की फसल को वर्षा से काफी लाभ हुआ। शुरुआती दौर में हुई वर्षा को धान की फसल के लिए भी किसान फायदेमंद मान रहे थे, लेकिन लगातार हो रही वर्षा से कई खेतों में खड़ी धान की फसल वर्षा और हवा से जमीन पर बिछ गई। जिससे किसान चिंतित हैं। नजीबाबाद के धर्मकांटा तिराहा फ्लाईओवर क्षेत्र में कई स्थानों पर शनिवार को वर्षा का पानी मार्ग पर भर गया।
नहीं हुआ रामलीला मंचन
नजीबाबाद। शुक्रवार और शनिवार की रात बारिश होने से नजीबाबाद और साहनपुर में श्रीराम लीला मंचन नहीं हो सका। दोनों स्थानों पर परंपरागत पूजन और आरती के ही कार्यक्रम किए गए। रामलीला का मंचन न होने से कुछ दर्शक निराश लौटे।
बारिश से प्रभावित होकर झोपड़ी गिरी
नजीबाबाद। गांव महावतपुर बिल्लौच में दो दिन की वर्षा से प्रभावित होकर एक ग्रामीण भोले की झोपड़ी ढह गई। हालांकि इस दौरान उसके परिजन झोपड़ी से बाहर थे। झोपड़ी में रखा काफी सामान मलबे में दब गया।