अमर उजाला ब्यूरो
हल्दौर । गांव सुल्तानपुर आबाद में राशन डीलर के चुनाव में पूजा रानी विजयी रही। उन्होंने अपनी विरोधी प्रत्याशी मोनी रानी को 202 वोटों से पराजित किया।
ब्लॉक क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर आबाद स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में बुधवार को राशन डीलर के चुनाव की प्रक्रिया खुली बैठक में शुरू हुई। गांव सुल्तानपुर निवासी पूजा रानी पत्नी विकास कुमार नागर व पड़ोसी गांव रूस्तमपुर निवासी मोनी रानी पत्नी खेमराज सिंह मैदान में आमने-सामने थी। निर्वाचन अधिकारी और मध्य गंगा खंड पांच सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता पंकज अग्रवाल, ग्राम प्रधान सतवीर सिंह और पुलिस की मौजूदगी में चुनाव हुआ । ग्राम पंचायत अधिकारी विख्यात टांक के अनुसार पूजा रानी को कुल 238 मत मिले, जबकि उनके विरोधी प्रत्याशी मोनी रानी को महज 36 मत मिले। पूजा रानी को 202 मतों से विजयी घोषित किया गया।