अमर उजाला ब्यूरो
अमरोह।
डिडौली क्षेत्र में बिजली टीम के साथ मारपीट का मामला शांत भी नहीं हुआ कि रविवार को शहर में चेकिंग के दौरान फिर अधिकारी व कर्मचारी पिट गए। मोहल्ला चौक में पब्लिक ने एसडीओ, जेई व टीजी टू कर्मी व लाइनमैन के साथ मारपीट की। मोबाइल तोड़कर तहस नहस कर दिए। पुलिस ने जाकर स्थिति संभाली। दोनों पक्ष कोतवाली पहुंच गए। जहां एक दूसरे के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दोनों को दिया है। बिजली कर्मियों को मेडिकल परीक्षण को भेजा है। उधर नौगावां सादात में भी जैकेट कारोबारी ने जेई संग अभद्रता की। पुलिस ने मसले को रफा-दफा कराया।
एसडीओ शहर नरेश कुमार, एसडीओ करन सिंह व जेई जावेद अख्तर अपने साथ टीजी-टू कर्मी शैलेंद्र व लाइनमैन सुनील को साथ लेकर रविवार की शाम नगर के मोहल्ला चौक में चेकिंग के लिए पहुंच गए। जहां पर उनको घिसाई की मशीन चलते हुए मिली। अधिकारियों ने गृहस्वामी से बिल दिखाने के लिए कहा। कनेक्शन रसीद मांगी, लेकिन वह दूसरे बिल को लेकर पहुंच गए। जिसे अधिकारियों ने गलत बता दिया। इसी बात को लेकर नोकझोंक शुरू हो गई। गाली गलौज के बाद मामला मारपीट में बदल गया। शोरगुल होते ही जमा हुई भीड़ ने अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मारपीट चालू कर दी। टीजी-टू कर्मी व लाइनमैन को जख्मी कर दिया।
मारपीट करने में महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं। जान बचाते हुए कर्मचारी गली से भागकर बाहर सड़क पर आए और पुलिस को खबर की। थोड़ी देर में ही कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर आ गई, जिसको देखते ही बिजली अधिकारियों व कर्मचारियों की जान में जान आई। इसके बाद अधिकारी कोतवाली पहुंचे, जिनके पीछे पीछे दूसरा पक्ष भी आ गया। यहां भी नोकझोंक हुई, लेकिन पुलिस के हड़काते ही सभी शांत हो गए। जेई जावेद अख्तर ने आरोपियों के खिलाफ बिजली चोरी करने व सरकारी कार्य में बाधा डालने व मारपीट करने की तहरीर दी है।
महिलाओं से बदसलूकी का लगाया आरोप, मुकदमे को दी तहरीर
अमरोहा। शहर के मोहल्ला चौक निवासी विमला पत्नी स्व.नारायण सिंह का आरोप है कि शाम करीब पांच बजे वह घर पर थी, तभी बिजली विभाग के दो अधिकारी नरेश कुमार आठ हथियारबंद साथियों के साथ बिजली चेकिंग के बहाने घर में घुस आए। उसके साथ अभद्रता की। बदसलूकी की सारी हदें पार कर दीं। शोर मचाने पर मोहल्ले के ही लोगों ने आकर उनको बचाया। पत्र में बिजली अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की पीड़िता ने मांग की है।
जेई से जैकेट कारोबारी ने की अभद्रता
नौगावां सादात। अवर अभियंता आनंद पाल अधीनस्थ कर्मचारियों को लेकर कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती जामा मस्जिद वाली गली में चेकिंग के लिए पहुंच गए। एक जैकेट कारखाने पर जैसे ही चेकिंग शुरू की वैसे ही कारोबारी परिजनों के साथ मिलकर उनके साथ नोकझोंक करने लगा। जमकर झड़पें हुईं, जिससे मोहल्ले में तमाम लोग जमा हो गए। पुलिस भी पहुंच गई। इसके बाद दोनों पक्ष थाने आए। जहां वर्दीधारियों ने उनमें सुलह समझौता कराकर मसले को निपटा दिया।