बड़िया/नजीबाबाद । मालन नदी में उफान से लगातार हो रहे कटान से कई किसान बर्बादी की कगार पर पहुंच चुके हैं। उधर, कारसेवा से बने पुल की क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड की मरम्मत न होने से कई गांवों का सीधा संपर्क नजीबाबाद से कटा हुआ है। शनिवार को गांव बीरूवाला में क्षेत्रीय ग्राम प्रधानों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैठक कर नदी से होने वाले कटान को रोकने के लिए किए जाने वाले प्रयासों पर चर्चा की।
चार अगस्त को मालन नदी में आए उफान से बड़िया-भुड्डी मार्ग पर कारसेवा से बने पुल की दोनों छोर से एप्रोच रोड कट गई थी। क्षेत्रीय सिखों ने निजी प्रयास कर एप्रोच रोड को दुरुस्त कर लिया था। नौ अगस्त को मालन नदी में एक बार फिर उफान आ गया। जिससे कारसेवा से बने पुल के दोनों छोर से सड़क फिर से कट गई। बड़ी भुड्डी, छोटी भुड्डी, ताहरपुर, बीरूवाला, मेदूवाला, कुलांडी, जट्टीवाला, भोगपुर के गांवों के लोगों का आवागमन ठप हो गया। पुल और सड़क के बीच बल्लियों पर टिन डालकर लोग जोखिम उठाकर पैदल गुजर रहे हैं।
शनिवार को बीरूवाला में भाजपा के नगर महामंत्री नकुल अग्रवाल, ग्राम प्रधान अवतार सिंह, पूर्व प्रधान इकबाल सिंह, धर्मवीर सहित क्षेत्र के लोगों ने पुल को बार-बार हो रहे नुकसान और नदी से होने वाले कटान को रोकने के लिए विचार किया। ग्रनकुल अग्रवाल ने जल्द ही सांसद डॉ. यशवंत सिंह के क्षेत्र में पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते हुए बचाव के लिए सीधे शासन से संपर्क बनाने की बात कही।