बिजनौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में न्यू इंडिया 2022 मंथन सभी अधिकारियों से विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने को कहा। प्रधानमंत्री ने कहा कि अधिकारी अपने अपने विजन पर काम करेंगे और देश के विकास में जनता की सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।
एनआईसी में प्रभारी डीएम व सीडीओ डा.इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देशन में अधिकारियों ने प्रधानमंत्री की वीडियो कांफ्रेंसिंग में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि अधिकारी शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल व अन्य विकास कार्यों पर विजन डॉक्यूमेंट बनाएं और इस पर काम करें। अधिकारी अपने विजन को संकल्प से सिद्धि तक ले जाएं। हर महीने की कार्य योजना का कैलेंडर बनाएं और जनता को विकास कार्यों से जोड़ें। देश में स्वच्छता की अलख जगी है, इसे अधिकारी जन आंदोलन में बदल सकते हैं। उन्होंने जीएसटी में सभी व्यापारियों का पंजीकरण कराने को कहा। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश का हर एक नागरिक महत्वपूर्ण है। अधिकारी सम्मानपूर्वक सभी की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करें। सीडीओ डा.इंद्रमणि त्रिपाठी के अनुसार प्रधानमंत्री के संबोधन से सभी को प्रेरणा मिली है।