फसलों को बर्बाद कर गई गंगा की धारा
मंडावर (बिजनौर)।
खादर में गंगा लगातार खेतों का कटान कर रही है। सांसद भारतेंद्र सिंह कटान देखने पहुंचे तो किसान उन्हें अपने साथ गंगा की छोटी धारा के पार ले गए। वहां गंगा की धारा से फसलों को हो रहा नुकसान दिखाया।
सांसद मीरापुर खादर में गंगा के तेज बहाव से खेतों में गन्ने आदि की फसलें उखड़ चुकी हैं। बाकी फसलें भी सिल्ट में दबी हुई हैं। गंगा खेतों में भी कटान कर रही है। कटान रोकने के लिए फिलहाल कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है। सांसद ने इस स्थिति के बारे में एसडीएम सतेंद्र सिंह को बताया। उन्होंने एसडीएम से राजस्व टीम को मौके पर भेजकर नुकसान का आंकलन करने को कहा। सांसद ने बताया कि उन्होंने यह मामला केंद्रीय मंत्री उमा भारती के सामने उठाया था। उनके प्रयास से तटबंध बनाने के प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल चुकी है। जल्दी ही तटबंध बनाने का काम शुरू हो जाएगा और क्षेत्र को गंगा द्वारा होने वाले कटान से मुक्ति मिल जाएगी।
खादर क्षेत्र को कटान से निजात दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। सांसद गांव दयालवाला भी गए। कौशल विकास प्रशिक्षण से जुड़े दो कारीगरों ने गांव वालों को मूढ़ा बनाने की कला में और निपुणता लाने के टिप्स दिए। सांसद ने बताया कि कारीगरों के लिए केंद्र सरकार ने ऋण योजना चला रखी है। किसान अपने हुनर को बढ़ाकर आमदनी दोगुनी कर सकते हैं। किसान बैंकों से दो लाख रुपये तक का ऋण ले सकते हैं। इसके लिए कारीगरों के पेन नंबर बनाए जा रहे हैं। इस दौरान धर्मवीर, अशोक कुमार, दीपक गर्ग, पीतम, रामपाल, मांगे, विनीत, दुष्यंत, वेदप्रकाश विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।