बिजनौर। डेंगू, मलेरिया भी पैर पसारने लगा है। इसी बीच जिले में एक नए डेंगू रोगी की पुष्टि हुई। 14 वर्षीय किशोर के डेंगू संक्रमित होने के बाद उसके घर के आसपास एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। हालांकि मरीज की तबीयत में सुधार बताया जा रहा है।
शहर की चंद्रलोक कॉलोनी निवासी 14 वर्षीय किशोर जांच में डेंगू संक्रमित मिला। सूचना मिलते ही मलेरिया विभाग की टीम संक्रमित मरीज के घर पहुंची और परिजनों की भी जांच की। लेकिन किसी अन्य में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई है। साथ ही घर के आसपास फाॅगिंग और एंटी लार्वा की छिड़काव कराया गया। जिले में अब तक तीन डेंगू रोगी मिल चुके हैं। इनमें एक मरीज दिल्ली का रहने वाला है। जो बिजनौर अपनी रिश्तेदारी में आया था। लोगों को डेंगू से बचाव की सलाह दी जा रही है। वहीं एक अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलेगा। जिसमें लोगों को संक्रामक बीमारियों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
- डेंगू के लक्षण
- सिर दर्द होना
- मांसपेशियों, हड्डियों और जोड़ों में दर्द
- जी मिचलाना, उल्टी होना
- आंखों के पीछे दर्द होना
- ग्रंथियों में सूजन
- त्वचा पर लाल चकत्ते होना
- डेंगू से ऐसे करें बचाव
- मच्छरदानी का प्रयोग करें
- पानी ढककर रखें
- घर के आसपास पानी एकत्र नहीं होने दें
- ताजा एवं स्वच्छ भोजन खाएं
- बुखार के लक्षण दिखाई देने पर हल्का गुनगुना पानी पीएं
- बुखार आने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें
- वर्जन :
जिले में 14 वर्षीय किशोर में डेंगू की पुष्टि हुई है। संक्रमित किशोर की तबीयत ठीक है। एंटी लार्वा का छिड़काव करा दिया गया है। इस समय थोड़ी सावधानी बरतें। क्योंकि डेंगू, मलेरिया तेजी से फैल रहा है। - मंजूषा गुप्ता, जिला मलेरिया अधिकारी, बिजनौर