फूड इंडस्ट्रीज पर छापा मारा, डेढ़ लाख की कैंडी सीज
किरतपुर। एसडीएम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने नगर में स्थित रजा ट्रेडर्स फूड इंडस्ट्रीज पर छापा मारकर करीब एक लाख 50 हजार रुपये की कैंडी सीज कर दी। इससे अन्य फूड कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
मंगलवार को एसडीएम उमेश कुमार मिश्र के निर्देश पर नजीबाबाद तहसील के खाद्य सुरक्षा अधिकारी यज्ञदत्त आर्य अपनी टीम के साथ रजा फूड इंडस्ट्रीज किरतपुर में पहुंचे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी के अनुसार इंडस्ट्रीज स्वामी शादाब रजा के यहां से वनस्पति, पिस्ता बर्फी, रंगीन पिस्ता, फ्लेवर्ड कैंडी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला को भेज दिए। इन चार नमूनों के साथ-साथ बैच नंबर अंकित न होने के कारण करीब एक लाख 50 हजार रुपये की कैंडी सीज कर दी गई। इसके अलावा गांव महावतपुर निवासी बबलू त्यागी के यहां से दूध का नमूना लिया गया। एसडीएम ने बताया कि किसी को भी लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने का अधिकार नहीं है। मिलावट खोरी का अवैध कारोबार करने वालों की अभियान चलाकर नकेल कसी जाएगी।