ग्राम पंचायत की जमीन पर धर्म स्थल बनाने का आरोप
हल्दौर। गांव चांदा नंगली में ग्राम पंचायत की करीब 0.70 हेक्टेयर भूमि है। ग्रामीणों के अनुसार एक संप्रदाय के लोगों ने राजस्व विभाग के कुछ कर्मचारियों की मिली भगत से अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू कर मेन गेट लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि दूसरे संप्रदाय के लोग अवैध रूप से कब्जा कर नमाज अदा करने की जुगत में लगे हैं। शनिवार की देर शाम नमाज पढ़ने की कोशिश का पता चला। गांव निवासी अनिल कुमार, सुशील कुमार, विकास कुमार, लोकेंद्र कुमार, हरिओम सिंह, राकेश कुमार, जितेंद्र सिंह, समरपाल सिंह, मुकेश कुमार आदि लोगों ने फैक्स के माध्यम से मामले की शिकायत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र प्रेषित कर की है। थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र शर्मा का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है।