सम्मान के लिए महापंचायत में शामिल होने का आह्वान
बिजनौर। आजाद किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने गांव अगरी, गौंसपुर, जलालपुर, धर्मनगरी, सालमाबाद, भरैरा आदि में जाकर पंचायत की। राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि किसानों पर लाठी चार्ज कराकर सरकार-प्रशासन ने अपनी मानसिकता दिखा दी है। कहा कि किसान कलक्ट्रेट में केवल अपना भुगतान मांगने के लिए गए थे। लेकिन किसानों पर लाठी चार्ज कर दी गई। किसानों का बकाया न देने वाली चीनी मिल मालिकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि किसान के अपमान को सहन नहीं किया जाएगा। जिलाध्यक्ष विरेंद्र सिंह ने कहा कि रशीदपुर गढ़ी में होने वाली महापंचायत को 18 से ज्यादा किसान संगठनों ने समर्थन दिया है। इन सभी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ महापंचायत में आएंगे। महापंचायत को सफल बनाने के लिए दस टीम गांव गांव जाकर पंचायत कर रही हैं। कहा कि उनकी लड़ाई किसानों के हित के लिए है। महापंचायत के बाद प्रशासन को किसानों का गन्ना भुगतान दिलाना होगा। इस दौरान नीरू पहलवान, हाजी शकील, सत्यपाल सिंह आदि मौजूद रहे।