समितियों को भेजा जाएगा तीन दिन का एडवांस इंडेंट
बिजनौर। किसानों को गन्ना पर्चियों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। शासन ने किसानों को नियमित पर्ची उपलब्ध कराने के नए निर्देश जारी किए हैं। गन्ना समितियों को तीन दिन का इंडेंट एडवांस भेजा जाएगा।
अब तक किसानों को एक पर्ची मिलने के बाद दूसरी पर्ची हासिल करने के लिए कई कई दिन इंतजार करना पड़ता था। समिति को इंडेंट कम मिलता था। इसका सीधा असर गन्ने की पेराई पर पड़ता था। इसको लेकर यूपी चीनी मिल एसोसिएशन और मिल प्रतिनिधियों की बैठक गन्ना आयुक्त के साथ 15 नवंबर को हुई। गन्ना आयुक्त की ओर से गन्ना विभाग और समितियों को भेजे निर्देश के अनुसार कहा गया है कि चीनी मिलों की क्षमता के अनुसार नियमित इंडेंट दिया जाए। गन्ना समितियों को इंडेंट की तिथि के पांच दिन पूर्व एवं तीन-तीन दिन का इंडेंट अग्रिम रूप से उपलब्ध करा दिया जाए। जिससे दैनिक खरीद हेतु पर्चियों की नियमित उपलब्धता बनी रहे। गन्ना आयुक्त ने सख्ती से कहा है कि जो चीनी मिल नहीं चली हैं उन्हें तुरंत चलवाया जाए। एसएमएस से तौल करने में किसानों को परेशान करने वाले लिपिक के खिलाफ कार्रवाई करें। तौल कांटे शुरू करके सक्षम अधिकारी उसे सील करना सुनिश्चित करें। गन्ना समिति नगीना के सचिव धर्मेंद्र सिंह ने ऐसा निर्देश मिलने की पुष्टि की है।