भाजपा कार्यकर्ताओं को गांव में नहीं घुसने देंगे
नूरपुर। भाकियू की मासिक पंचायत में किसान पदयात्रा में दिल्ली बार्डर पर किसानों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए भाजपा के कार्यकर्ताओं को गांव में न घुसने देने की बात कही।
मंगलवार को उपखंड कार्यालय में हुई मासिक बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि किसान अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे थे। भाजपा ने किसानों पर लाठीचार्ज कराकर किसान विरोधी होने का परिचय दिया है। कहा कि किसान चुप नही बैठेंगे और भाजपा को इसका जवाब दिया जाएगा। वक्ताओं ने भाजपा का विरोध करते हुए कहा कि किसान भाजपा कार्यकर्ताओं को अपने-अपने गांवों में न घुसने दें, जिससे उन्हें किसानों से पंगा लेने का जवाब मिल सके। इसके अलावा बैठक में बिजली के जर्जर तारों को बदले जाने, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाए जाने व गन्ना के बकाया भुगतान शीघ्र कराए जाने की मांग की गई। इस संबंध में एक ज्ञापन एसडीओ आशीष अग्रवाल को दिया गया। बैठक को ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण शर्मा, विक्रम सिंह, उत्तम सिंह, नागेंद्र सिंह, चमन सिंह, खचेड़ू सिंह, जितेंद्र सिंह आदि ने संबोधित किया।