अमरोहा। आयुष्मान भारत योजना के तहत मंगलवार की देरशाम शहर के एक व्यापारिक प्रतिष्ठान पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और निजि डॉक्टरों की बैठक हुई। योजना में गरीबों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का लाभ देने को लेकर निजी डॉक्टरों की राय जानी गई। बैठक में मौजूद इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के डॉक्टरों और स्वास्थ्य विभाग के सभी अधीक्षकों ने अपने-अपने विचार रखे। आइएमए के अध्यक्ष डॉ. शकील फारूख ने कहा कि गरीबों को मुफ्त इलाज का लाभ देने वाली आयुष्मान भारत योजना कई मायनों में समाज के निर्धन और वंचित परिवारों के लिए बहुत फायदेमंद है। इसलिए सरकार भी इस पर फोकस कर रही है। लेकिन इसमें कुछ दिक्कतें हैं जिनकी वजह से अभी तक योजना धरातल पर नहीं आई है। सभी कुछ स्पष्ट होने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा। सीएमओ डॉ. रमेशचंद्र शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में योजना को अमली जामा पहनाने के लिए सभी के विचार जाने गए।