शहर से फिर हटाया गया अतिक्रमण
बिजनौर। प्रशासन ने बृहस्पतिवार से फिर से बिजनौर शहर में अतिक्रमण हटवाया। जेसीबी से सड़कों के किनारे और दुकानों के सामने लगे बोर्ड को उखाड़ फेंका। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमण करने वालों में खलबली मची रही।
बिजनौर शहर में पिछले दिनों पूर्व एसपी प्रभाकर चौधरी ने अतिक्रमण हटवाया था। एसपी के अतिक्रमण हटवाने के बाद शहर दूर तक चौड़ा व साफ नजर आने लगा था। प्रभाकर चौधरी के तबादले के बाद बिजनौर में फिर से लोगों ने अतिक्रमण कर लिया। अफसरों ने भी इस तरफ से आंखे मूंद ली। बृहस्पतिवार को प्रशासन ने फिर से बिजनौर शहर से अतिक्रमण हटवाने का बीडा उठाया। एसडीएम ब्रजेश कुमार सिंह की अगुवाई में प्रशासन ने पुलिस व नगर पालिका की टीम को लेकर शास्त्री चौक से अतिक्रमण हटवाना शुरू किया।
सिविल लाइन, नगर पालिका चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, राम को चौराहा, कचहरी रोड, प्रदर्शनी चौक, जजी चौक से मंडावर रोड तक अतिक्रमण हटाया गया। अतिक्रमण हटाने के दौरान जेसीबी से दुकानों कें ऊपर व आगे लगे बोर्ड उखाड़ दिए गए। जहां भी अतिक्रमण मिला उसे हटा दिया गया। दुकानों के आगे रखे सामान को नगर पालिका के कर्मचारी वाहनों में भर कर ले गए। अतिक्रमण हटाने वाली टीम में नगर पालिका के ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी, शहर कोतवाल बिजेंद्र सिंह राणा भी शामिल रहे। एसडीएम ब्रजेश कुमार सिंह के मुताबिक बिजनौर शहर में अतिक्रमण के खिलाफ रोजाना अभियान चलाया जाएगा। किसी को भी अतिक्रमण नहीं करने दिया जाएगा। जो अतिक्रमण करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।