नगीना। शिव भक्त कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन सक्रिय हो गया है। सीओ महेश कुमार, एसडीएम इंद्रजीत सिंह आईएएस ने सर्किल के थानाध्यक्षों, उपनिरीक्षकों की बैठक में शिव भक्त कांवड़ियों की सुरक्षा निश्चित करने के निर्देश दिए।
सोमवार दोपहर एसडीएम, सीओ नगीना ने थाना बढ़ापुर, नगीना देहात, कोतवाली देहात, थाना नगीना के प्रभारी और उपनिरीक्षकों की बैठक ली। इसमें 14 फरवरी को महाशिवरात्रि के त्योहार के मद्देनजर हरिद्वार से गंगाजल लेकर मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, सीतापुर, उत्तराखंड के काशीपुर, जसपुर, हल्द्वानी की ओर नगीना से होकर जाने वाले शिवभक्तों की पूर्ण सुरक्षा और सभी मार्गों पर चौकसी बरतने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर पुलिस की तैनाती करने आदि के आदेश दिए। इस अवसर पर नगीना सीएचसी प्रभारी डॉ. नवीन कुमार को भी निर्देशित किया गया कि वे चिकित्सालय में सभी दवा आदि की व्यवस्था रखें। वहीं पालिका प्रशासन को भी नगर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। सीओ ने बताया कि भंडारों का आयोजन करने वालों से वार्ता की जाएगी। ताकि कि शिव भक्तों के लिए यातायात प्रभावित न हो।