नजीबाबाद(बिजनौर)। रमा जैन कन्या महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद जयंती पर युवा प्रोत्साहन एवं कुशाग्रता कौशल विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अपने संकाय में सर्वाधिक अंक पाने वाली छह छात्राओं को पांच-पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
मंगलवार को महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में निदेशक डॉ.केसी मठपाल ने कहा कि मनुष्य आर्थिक दृष्टि से कितना ही धनवान क्यों न हो जाए, लेकिन चरित्र उसकी वास्तविक पूंजी होती है। उन्होंने छात्राओं से विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के साथ साथ चरित्र निर्माण के प्रति गंभीर रहने का आह्वान किया। प्राचार्या डॉ.दीप्ति गुप्ता की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में रितु चांदना (बीसीए), मनप्रीत कौर (बीबीए), प्रीति रानी (एमए), प्राची चौहान (एमकॉम), गुलिस्ता खातून (बीए), अरुशिता अग्रवाल (बीकॉम) को अपने अपने संकाय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर साहू रमेशचंद्र जैन ट्रस्ट की ओर से प्रबंध न्यासी साहू अखिलेश जैन द्वारा प्रदत्त पांच-पांच हजार रुपये की धनराशि का चैक प्रदान किया गया।
डॉ.इंदू लाहोटी व डॉ.मृदुला त्यागी के संचालन में हुए कार्यक्रम में डॉ.मृदुला त्यागी ने उठो युवा जागो... कविता प्रस्तुत की। छात्रा खान अतिया, शोभा व तहरीमा ने विचार रखे। प्रिया, हर्षिता, शिवानी, पिंकी, शािजिय ने नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में कॉलेज की प्रवक्ता मौजूद रहीं।