नजीबाबाद (बिजनौर)। समाधान दिवस में गैरहाजिर जिलास्तरीय चार अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटा गया। समाधान दिवस में दर्ज 218 शिकायतों में से सात शिकायतों का निस्तारण किया जा सका।
ड्वाकरा हॉल में समाधान दिवस में डीएम जगतराज ने जन शिकायतों की सुनवाई की। डीएम ने अनुपस्थित जिला सेवायोजन अधिकारी, जिला सहायक चीनी आयुक्त, जिला श्रम आयुक्त और एक्सईएन आरईएस का एक दिवन का वेतन काटने की कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से मेगा कॉल सेंटर स्थापित किया गया है। जिसमें दस हजार लोग काम करने में जुटे हैं। 15 दिन में शिकायत का निस्तारण नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों- कर्मचारियों केे डिफाल्टर की श्रेणी में शामिल किया जा रहा है। डीएम ने विभाग के आला अधिकारियों को फरियादी से स्वयं बात कर शिकायत निस्तारण की पुष्टि कर लेने की सलाह दी। एसडीएम उद्भव त्रिपाठी, तहसीलदार देवेंद्र पांडेय की उपस्थिति में समाधान दिवस की कार्रवाई में राजस्व की 23, पुलिस की नौ, विकास की चार, समाज कल्याण की एक शिकायत सहित कुल 218 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें सात शिकायतों का ही निस्तारण हो सका। डीएम ने अवशेष शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। किरतपुर ब्लॉक के गांव आजमाबाद निवासी अक्षय, मोनू, प्रमोद ने गांव का पानी खराब होने, लालूवाला धनौरा निवासी लक्ष्मी देवी और मोहल्ला भवन निवासी गेंदा ने रेलवे रोड पर संचालित एक कंपनी प्रतिनिधियों पर लोन पास कराने के नाम पर 15 हजार रुपये सुविधा शुल्क वसूलने और 28 हजार रुपये एडवांस लेने के बाद भी ई-रिक्शा न देने की शिकायत की।