बर्फ फैक्ट्री में पकड़ी बिजली चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
चांदपुर (बिजनौर)।
गांव कमालपुर में एक बर्फ फैक्ट्री में छापा मारकर विद्युत निगम की टीम ने बिजली चोरी पकड़ी है। टीम ने फैक्ट्री संचालक के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव कमालपुर में अशरफ अली ने आइस प्लांट लगा रखा है। इसमें 100 केवीए का विद्युत कनेक्शन स्वीकृत है। उपखंड अधिकारी हरीश कुमार, अवर अभियंता धर्मेंद्र कुमार, अवर अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि आइस प्लांट में भार के मुकाबले विद्युत बिल कम आने पर अधिशासी अभियंता चांदपुर एवं विद्युत परीक्षण खंड बिजनौर के नेतृत्व में जांच समिति गठित की गई। समिति में उपखंड अधिकारी हरीश कुमार, अवर अभियंता 33-11 केवी उपकेंद्र जलीलपुर धर्मेंद्र कुमार, सहायक अभियंता मीटर विद्युत परीक्षणशाला चांदपुर मंजीत सिंह, अवर अभियंता मीटर दिनेश कुमार शामिल किए गए।
टीम ने शनिवार की रात आइस प्लांट परिसर में पहुंचकर विद्युत आपूर्ति चालू कराकर परिसर में पूरे लोड पर प्लांट चलवाया। टीम ने डबल पोल पर लगे मीटर तथा मेन मीटर की रीडिंग ली और एमआरआई कराकर विश्लेषण किया। इस दौरान मीटर ठीक काम करता पाया गया। परिसर में दो विद्युत मोटर 30 व 40 एचपी और एक पानी पंप पर लगा साढ़े सात एचपी का मोटर मिला। परिसर में 82.5 केवीए का जनरेटर लगा हुुआ था। टीम को परिसर में ही एक थ्री फेज तीन कोर का करीब 200 मीटर काला केबिल मिला। इससे कोई विद्युत उपकरण जुड़ा नहीं था।
सघन निरीक्षण में प्लांट के पीछे बने एक अंडरग्राउंड कवर्ड टैंक से 250 केवीए का एक परिवर्तक पाया गया, जिससे एचटी लीड बाहर निकली हुई थी। यह परिसर के पीछे से गुजर रही थी और 11 केवी लाइन के नीचे स्थित थी। इस पर टीम ने माना कि उपभोक्ता परिवर्तक को 11 केवी एचटी लाइन से जोड़कर विद्युत चोरी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
- विद्युत निगम की टीम का गांव कमालपुर में छापा