कोतवाली देहात में मुख्य तिराहे के पास जन सेवा केंद्र में चोरी के दौरान सीसीटीवी कैमरे में कैद हुओ
- फोटो : BIJNOR
जनसेवा केंद्र में 13 लाख की चोरी
कोतवाली देहात। थाना और पुलिस चेक पोस्ट के बीच स्थित जन सेवा केंद्र में नकब लगाकर चोरों ने तेरह लाख से अधिक की चोरी कर ली। घटना के बाद व्यापार मंडल के पदाधिकारी थाने पहुंचे और शीघ्र घटना के खुलासे की मांग की।
गांव पित्तनहेड़ी निवासी अरूज हैदर ने कोतवाली देहात में मुख्य तिराहे के पास जन सेवा केंद्र खोल रखा है। वह पंजाब नेशनल बैंक के बैंक मित्र भी हैं और पैसे का लेन देन भी करते हैं। मंगलवार शाम रात चोरों ने नकब लगाकर दुकान में रखे साढे़ तेरह लाख रुपये, आईडी आदि अन्य सामान चुरा लिया। बुधवार सुबह दुकान खोलने पर उन्हें चोरी का पता चला। चोरी की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। अरूज ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक लव सिरोही, नगीना सीओ राकेश श्रीवास्तव और एसओजी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देखीं। वहीं, कोतवाली देहात के व्यापार मंडल अध्यक्ष वीरपाल सिंह के नेतृत्व में व्यापारियों ने थाना प्रभारी से मुलाकात की और घटना के खुलासे की मांग की। इस संबंध में थाने में तहरीर दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।