पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते डीएम जगतराज।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर निकाय चुनाव के प्रशिक्षण में 13 कर्मचारी गैर हाजिर रहे। डीएम ने इन कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर कराने के निर्देश दिए हैं। उधर, प्रशासन की ओर से सभी महिला मतदान अधिकारियों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए विशेष महिला हैल्प सेल का गठन किया है।
विवेक कॉलेज में आयोजित मतदान अधिकारियों के प्रशिक्षण में डीएम जगतराज ने कहा कि मतदान संपन्न कराने में पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारियों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका हैं। मतदान के दिन पीठासीन अधिकारियों को आयोग द्वारा विशेष अधिकार प्रदान हैं। पीठासीन अधिकारी पूरे विश्वास के साथ अपने दायित्वों को अंजाम दें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मतदान कार्मिक पूर्ण रूप से निष्पक्ष, स्वतंत्र और भयमुक्त होकर मतदान प्रक्रिया संपन्न कराएं। सुरक्षा के लिए पूरा जिला प्रशासन उनके साथ है। डीएम ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में प्रत्येक पोलिंग पार्टी में एक महिला मतदान अधिकारी को शामिल किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा सभी महिला मतदान अधिकारियों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए विशेष महिला हेल्प सेल का गठन किया गया है।
इसी के साथ उन्होंने पीठासीन अधिकारी सहित सभी पुरुष मतदान अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपनी सहयोगी महिला मतदान अधिकारी से सम्मान पूर्वक व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपनी शंकाओं का समाधान उपस्थित मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से मौके पर ही करा लें ताकि मतदान के समय किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो सके। द्वितीय चरण के प्रशिक्षण में 500 पोलिंग पार्टियों के करीब दो हजार पीठासीन अधिकारी एवं मतदान कार्मिकों को दो शिफ्टों में प्रशिक्षण दिया गया। सीडीओ डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, उप निदेशक कृषि जेपी चौधरी, बीएसए महेश चंद मौजूद रहे।
कर्मचारी परीक्षा में पास, शंकाओं का किया समाधान
बिजनौर। डीएम की उपस्थिति में चुनाव प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कर्मचारियों का प्रश्नपत्र तैयार करके परीक्षा हुई। कर्मचारियों से मौखिक प्रश्न किए गए । कर्मचारियों ने सही जवाब दिए। लिखित परीक्षा में कर्मचारी पास हो गए।