‘जिसे रंग से गुरेज, वह दुल्हैंडी तक सड़कों पर न निकलें’
धामपुर। आदर्श होली हवन समिति की मोहल्ला बाड़वान स्थित समिति के अध्यक्ष चौधरी रवि कुमार सिंह के आवास पर बैठक हुई। जिसमें संरक्षक डॉ. शंकरलाल शर्मा ने जुलूस को लेकर सुझाव रखे। बैठक में पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के न पहुंचने पर सदस्यों ने नाराजगी जताई।
सोमवार रात हुई बैठक में मनोज कात्यायन ने बताया कि धामपुर में होली हवन जुलूस मार्ग में जगह-जगह बिजली के तार लटके हुए हैं। जिन्हें ऊपर करवाना बेहद जरुरी है। बैठक में रवि कुमार ने कहा कि प्रशासन दूसरे संप्रदाय के लोगों से कहे कि जिन्हें रंग से परहेज है, वह घर से सड़कों पर न निकले। क्योंकि होली के दौरान यदि कोई जानबूझकर घर से निकलेगा तो रंग तो गिरेगा ही। बैठक में यशपाल तुली ने भी विचार रखे। बैठक में विलंब से पहुंचे कस्बा इंचार्ज धर्मेंद्र गोस्वामी ने कहा कि होली के दौरान किसी व्यक्ति के ऊपर रंग गिर जाए तो उसे बुरा नहीं मानना चाहिए। बैठक में आदर्श होली हवन समिति पदाधिकारियों ने होली जुलूस के दौरान मुस्लिम इलाकों में बैरिकेटिंग और पुलिस की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की। बैठक में प्रमोद मिश्रा, महामंत्री शेखर अग्रवाल, निखिल छावड़ा सन्नी, विभूतिकांत शर्मा, ऋषभ जैन, भूपेंद्र शर्मा, पुष्पेंद्र कौशिक, आकाश कात्यायन, सौरभ गोयल, खुशीराम सैनी, नमन जैन, सुमित माहेश्वरी, आशीष अग्रवाल, विक्रांत सिंह, संदीप शर्मा, डॉ. जितेंद्र कौशिक, देवेंद्र भटनागर, संजय विश्नोई, सचिन पंडित, अमन कुमार पुष्पक, शेखर मित्तल, संजय सेठी, दीपक अग्रवाल, रितेश कौशिक, देव अग्रवाल, प्रमोद कौशिक एड, संयम जैन, आचार्य डॉ. दिनेशचंद्र भारद्वाज, सचिन सिन्हा आदि रहे।
सीओ ने सुझावों पर अमल करने का दिया भरोसा
धामपुर। आदर्श होली हवन समिति की बैठक समाप्त हो जाने के करीब दो घंटे बाद पहुंचे सीओ महावीर सिंह और कोतवाल सुधीरपाल धामा ने आदर्श होली हवन समिति के पदाधिकारियों को भरोसा दिलाया कि होली और दुल्हैंडी के दिन निकलने वाले जुलूसों के दौरान पुलिस प्रशासन की शांति व्यवस्था बनाने में समुचित व्यवस्था रहेगी। उन्होंने आदर्श होली हवन समिति के पदाधिकारियों से अनुरोध किया कि वह जुलूस में शामिल होने वाले हुरियारों को सख्त हिदायत दे दें कि वह जुलूस के दौरान छतों पर खड़े होकर जुलूस में शामिल झांकियां आदि देखने वाली महिलाओं व अन्य लोगों पर रंग या गुलाल न फेंके। असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी कि यदि किसी ने रंग में भंग करने का प्रयास किया तो उनके खिलाफ पुलिस की ओर से कड़ी कार्रवाई होगी।