गन्ना समिति में की तालाबंदी
नूरपुर। वेब ग्रुप की मिलों द्वारा पिछले वर्ष का बकाया भुगतान न किए जाने से गुस्साए भाकियू कार्यकर्ताओं ने गन्ना समिति में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। किसानों ने चेताया कि मिलों द्वारा जल्दी ही भुगतान न किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। मंगलवार दोपहर भाकियू के ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मीकांत शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान नारेबाजी करते हुए गन्ना समिति पहुंचे। समिति कार्यालय पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा कि चांदपुर व बिजनौर मिलों द्वारा पिछले वर्ष डाले गए गन्ने का अभी तक भी भुगतान नहीं किया है। इस वर्ष डाले हुए गन्ने का भी बहुत कम भुगतान किया गया है। किसान अपना पैसा पाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन प्रशासन मिलों के विरुद्घ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। किसानों ने पिछले वर्ष का गन्ना भुगतान जल्दी कराने की मांग करते हुए कहा कि शासनादेश के विपरीत सभी मिलों द्वारा इस वर्ष 14 दिन के बाद भुगतान किया जा रहा है। प्रशासन 14 दिन के बाद भुगतान पर ब्याज दिया जाए। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। इस दौरान उत्तम सिंह, भोपाल सिंह, नरेश कुमार, शीशपाल सिंह, मलूक सिंह, गोविंद सिंह आदि मौजूद रहे।