वाहन की चपेट में आने से स्कूटी सवार की मौत
स्योहारा। किसी वाहन की चपेट में आने से स्कूटी सवार चाय विक्रेता की मौत हो गई। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव खुर्द कादराबाद निवासी भानी सिंह (42) की स्योहारा थाने के सामने चाय की दुकान है। सोमवार की देर रात वह अपनी दुकान बंद करके स्कूटी से ठाकुरद्वारा रोड़ से अपने गांव जा रहा था। पेट्रोल पंप के पास पहुंचने पर वह किसी वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर पड़े कराह रहे भानी सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराकर उसके परिजनों को सूचना दी। वहां के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार भानी सिंह ने 15 दिन पूर्व ही थाने के सामने चाय की दुकान खोली थी। मृतक का करीब पांच साल का एक बेटा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि भानी सिंह इससे पहले हरिद्वार में मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था।