बिजनौर। डीएम अटल कुमार राय ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में निर्माण में मिली अनियमितताओं पर नाराजगी जताई है। कार्यदायी संस्थानों के अफसरों को कार्य में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। इसके अलावा जिन प्राथमिक विद्यालयों में मिड डे मील नहीं बनाया जा रहा वहां रसोईया की नियुक्ति के निर्देश दिए।
डीएम ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का निर्माण करा रही संस्था उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम मुरादाबाद, सीएनडीएस जल निगम, उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड मेरठ तथा आवास विकास को निर्देश दिए कि स्कूलों की कमियों को 15 अक्तूबर तक दूर कराया जाए। डीएम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कार्यदायी संस्थाओं ने जिम्मेदारी के साथ काम नहीं किया है। डीएम ने सचेत करते हुए कहा कि निर्माण कार्य का समिति गठन कर सत्यापन कराया जाएगा। डीएम ने बीएसए महेशचंद्र को स्कूलों के टूटे फर्श, टपकती छत आदि को ठीक कराया जाए। स्कूलों में दीपावली से पहले रंगाई पुताई कराने के निर्देश दिए। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में हैंडपंप लगने में किसी प्रकार की लापरवाही सहन न करने की बात कही। डीएम ने प्राथमिक विद्यालय खैराबाद, खाकूनंगला, बसंतपुर व फतेहपुर में बच्चों को मिड-डे मील न दिए जाने पर नाराजगी जताई। इन गांवों में रसोईया की नियुक्ति करने तथा तब तक वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों में मां समूहों का गठन करने को कहा। बैठक में सीडीओ प्रवीण मिश्रा, सीएमओ डा. राकेश मित्तल सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।