नीलगाय के बच्चे को जंगल में छोड़ा
रेहड़। अमानगढ़ वन क्षेत्र में गांव बहेड़ी स्थित खेत में बने कुएं में नीलगाय का बच्चा गिर गया। गांव रायपुरी निवासी किसान सतीश त्रेहन का खेत अमानगढ़ वन क्षेत्र से सटा हुआ है। अकसर वन से निकलकर वन्यजीव उनके खेत में आ जाते हैं। बृहस्पतिवार देर शाम जब उनका पुत्र राजन त्रेहन खेत पर गया। तो उसे ट्यूबवेल के कुएं में नीलगाय का बच्चा मिला। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने बच्चे को निकालकर जंगल में छोड़ दिया। रेंजर राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि पानी और भोजन की तलाश में नीलगाय का बच्चा कुएं में गिर गया होगा। स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद नीलगाय के बच्चे को जंगल में छोड़ा गया है। उसकी उम्र लगभग तीन माह है।