नगीना। सड़कों पर फड़ लगाकर रेत बजरी का कारोबार करने वाले आधा दर्जन कारोबारियों के यहां एसडीएम गजेंद्र सिंह व खनन अधिकारी रंजना सिंह की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान फड़ लगाकर खनन का कारोबार करने वाले कारोबारी मौके से फरार हो गए।
खनन अधिकारी ने नाप तोल के बाद फड़ों पर पड़ा माल थाना प्रभारी एस के सिंह की सुपुर्दगी में दे दिया। गुरुवार की शाम करीब साढे़ छह बजे एसडीएम और खनन अधिकारी की टीम ने पुलिस बल के साथ नगीना बढ़ापुर बाईपास मार्ग स्थित दो स्थानों और नगीना धामपुर मार्ग स्थित तीन स्थानों समेत फड़ लगाकर रेत बजरी का कारोबार करने वाले करीब आधा दर्जन कारोबारियों के यहां छापे मारे। खनन अधिकारी ने सभी स्थानों पर पड़े रेत और बजरी की नाप तोल करने के बाद सारा माल थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार सिंह के सुपुर्द कर दिया। एसडीएम गजेंद्र सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क किनारे फड़ लगा कर खनन का अवैध कारोबार नहीं चलने दिया जाएगा।