अमरोहा। नगर पंचायत उझारी के हसनपुर-संभल मार्ग स्थित राजकीय अंबेडकर इंटर कॉलेज पर चारों ओर गंदगी के ढेर लगे हुए हैं, जिससे कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र छात्राओं का सांस लेना दूभर हो गया है। शिकायत के बाद भी नगर पंचायत इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रही है।
कॉलेज के अध्यापकों ने बताया कई बार नगर पंचायत में शिकायत करने के बावजूद भी यह कुड़ियों का ढेर नहीं हटाए गए। आते जाते समय मुंह को ढककर निकलना पड़ता है। गंदगी का आलम यह है कि कॉलेज और स्कूल के अंदर पढ़ने वाले बच्चों को बदबू की वजह से पढ़ाई में मुश्किल पैदा होती है। राजकीय अंबेडकर इंटर कॉलेज के चारों ओर गंदी कुड़ियों के ढेर यह बताते हैं कि नगर की सफाई व्यवस्था कितनी दुरुस्त है। कॉलेज के अध्यापक और छात्र-छात्राओं का कहना है अगर यह कुड़ियों के ढेर यहां से नहीं हटाए गए तो इसकी शिकायत जिला स्तरीय अधिकारियों से की जाएगी।