शासन की नई खाद वितरण नीति एलान
बिजनौर। शासन ने नई खाद वितरण नीति का एलान कर दिया है। अब किसानों को एक फरवरी से पीओएस अर्थात प्वाइंट आफ सेल से खाद मिलेगा। किसान की पहचान पीओएस में फीड होगी। बिना पहचान पत्र दिखाए खाद नहीं मिलेगा। शासन के नए निर्देशों की जानकारी देने के लिए जिले के थोक और फुटकर खाद विक्रेताओं की बैठक 19 जनवरी को सुबह 11 बजे विकास भवन सभागार में बुलाई गई है।
जिला कृषि अधिकारी अवधेश कुमार मिश्र के अनुसार केंद्र ने खाद वितरण में धांधलेबाजी रोकने के लिए कई निर्णय लिए हैं। इस बारे में वीडियो कांफ्रेंसिंग समेत परिपत्र जारी करके के निर्देश दिए गए हैं। जिले में खाद के 25 थोक और 760 फुटकर विक्रेता हैं। शासन को खाद विक्रेताओं द्वारा किसान को यूरिया खाद के साथ जबरन दूसरा खाद या रसायन की पैकिंग बेचे जाने की शिकायत मिल रही थी। खाद विक्रेताओं द्वारा जिंक जबरन देने की शिकायत थी। शासन ने शिकायतों को गंभीरता से लिया है।
नई वितरण नीति के मुताबिक एक फरवरी से किसानों को पीओएस मशीन से खाद मिलेगा। मशीन में किसान का आधार कार्ड फीड होगा। किसान की दोनों हाथों की अंगुलियों की छाप की फीडिंग की जाएगी। जब किसान खाद लेने जाएगा तो उसका इपिक अर्थात फोटो पहचान पत्र का नंबर और किसान क्रेडिट कार्ड का खाता संख्या डाला जाएगा। इसके बाद किसान की पहचान हो जाएगी। बिना पहचान हुए किसान को खाद नहीं मिलेगा। नए नियमों से खाद विक्रेताओं को अपडेट करने के लिए 19 जनवरी को विकास भवन के सभागार में बैठक बुलाई गई है। बैठक में नहीं आने वाले खाद विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई होगी।