फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उदयन जिला पंचायत

विज्ञापन
विज्ञापन
बिजनौर। जिला पंचायत अध्यक्ष उदयन वीरा की कुर्सी का फैसला मंगलवार को हो जाएगा। अपनी अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए दोनों खेमों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। जिला पंचायत सदस्यों को अपने पाले में लाने के लिए धन-बल का पूरा सहारा लिया जा रहा है। जिला पंचायत सदस्यों को मुंहमांगी कीमत दी जा रही है। चुनाव के एक दिन पहले तक कुछ जिला पंचायत सदस्यों ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं।
विज्ञापन

जिला पंचायत सदस्य साकेंद्र चौधरी के नेतृत्व में सदस्यों ने पंचायत अध्यक्ष उदयन वीरा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विरोधी खेमे द्वारा लाए गए प्रस्ताव पर 31 जुलाई को मतदान होना था। जिला पंचायत में 56 सदस्य हैं। अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान वाले दिन दिन साकेंद्र चौधरी अपने साथ 34 सदस्य लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे थे। लेकिन उस दिन पीठासीन अधिकारी के छुट्टी पर जाने के कारण मतदान नहीं हो पाया था। करीब तीन हफ्ते बाद अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान होने से दोनों खेमों को खुद को मजबूत करने का काफी समय मिल गया है। सूत्रों के अनुसार दोनों खेमों के पास अभी तक स्पष्ट बहुमत नहीं है। सदस्यों को अपने पाले में लाने के लिए अब रुपया पानी की तरह बहाया जा रहा है। कुछ सदस्य दोनों ही खेमों से संपर्क में हैं। जो खेमा ज्यादा रुपया देगा, ये सदस्य उस खेमे में ही चले जाएंगे। अविश्वास प्रस्ताव लाने के समर्थक कुछ सदस्य टूटकर उदयन वीरा के पाले में चले गए हैं तो उदयन वीरा के कुछ समर्थक विरोधी खेमे के संपर्क में बताए जा रहे हैं।
जिला पंचायत में भाजपा व सपा के 12-12 सदस्य हैं। लेकिन अविश्वास प्रस्ताव को लेकर दोनों दलों ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। दोनों पार्टियों के नेता पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अगर अविश्वास प्रस्ताव में उदयन वीरा की कुर्सी जाती है तो बाद में अध्यक्ष पद के चुनाव में दोनों पार्टियां खुलकर मैदान में आ सकती हैं।
विज्ञापन

सुरक्षा व्यवस्था देखी
फोटो तीन
अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। कलक्ट्रेट में बेरीकेडिंग की गई व कलक्ट्रेट गेट के दोनों ओर बैरियर बनाए जा रहे हैं। मतदान व मतगणना के दौरान किसी को भी अनावश्यक रूप से कलक्ट्रेट में नहीं जाने दिया जाएगा। सोमवार को डीएम जगतराज, एडीएम प्रशासन मदन सिंह गर्ब्याल, एसपी देहात दिनेश सिंह व अन्य अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट में की जा रही बेरीकेडिंग व सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

न्यायिक और जनसुनवाई कार्यक्रम रहेगा स्थगित
बिजनौर। जिलाधिकारी जगतराज ने बताया कि कल 22 अगस्त को जिला पंचायत अध्यक्ष के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पर होने वाली मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन दृढ़ संकल्प है । उसको सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने के लिए वीडियोग्राफी कराई जाएगी ताकि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी का अंदेशा न रहे। उन्होंने यह भी बताया कि विश्वास प्रस्ताव पूरी तरह शांतिपूर्वक सम्पन्न हो और कानून व्यवस्था सशक्त बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इसमें महिला पुलिस बल भी शामिल होगा। जगतराज ने बताया कि पंचायत अध्यक्ष के अविश्वास प्रस्ताव प्रक्रिया को शांतिपूर्वक एवं निष्पक्ष रूप से कराने के लिए कल न्यायिक एवं जनसुनवाई कार्यक्रम स्थगित रहेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें