नगीना। दहेज के लिए एक ससुर व दो जेठ ने विवाहिता को मिट्टी का तेल छिड़कर आग लगा दी। इससे विवाहिता बुरी तरह झुलस गई। विवाहिता का पति उसको बाइक पर ही लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचा, जहां से गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। विवाहिता की आग बुझाने में पति भी झुलस गया।
नगीना के गांव बेगमपुर चायमल निवासी रामकिशन के पुत्र शिवध्यान का चार माह पूर्व मंडावर थाने के गांव मीरमपुर बेगा निवासी रेनू से विवाह हुआ था। रविवार की शाम रेनू के ससुर व जेठ ने दहेज की मांग करते हुए उस पर मिट्टी क तेल छिड़कर आग लगा दी। इससे महिला बुरी तरह झुलस गई। महिला के पति ने एक गांव के अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर बाइक पर बैठाकर उसको नगीना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उसको बिजनौर रेफर कर दिया। अस्पताल में झुलसी हालत में रेनू ने बताया कि उनके पति और वह शादी से बहुत खुश थे, लेकिन ससुर व जेठ आए दिन दहेज की मांग करते है। रविवार की शाम करीब पांच बजे उसका पति शिवध्यान घर के बाहर ही खड़ा था, तभी उसका ससुर रामकिशन व जेठ राजकुमार व सोमपाल उसके पास आए और दहेज के लिए तीन लाख रुपये की डिमांड करने लगे। उसने इसका विरोध किया तो ससुर व जेठ ने मिलकर उसके ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क दिया ओर आग लगा दी। पति शिवध्यान ने बताया कि जब घर में शोर की आवाज सुनी तो वह घर के अंदर भागा तो रेनू के कपड़ों में आग लग रही थी। उसने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग काफी भयंकर थी। जब तक आग बुझी तब तक रेनू काफी झुलस चुकी थी। चिकित्सकों के अनुसार रेनू 80 प्रतिशत झुलस चुकी है। अभी पीड़ित महिला के पति की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।