बूम फंसा, बंद रहा रेलवे फाटक
धामपुर (बिजनौर)। बूम फंसने से नहटौर रेलवे फाटक काफी देर बंद रहा। इससे फाटक पर जाम लग गया, जिसमें फंसे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिवक्ता संजीव कुमार, गजेंद्र सिंह, जावेद उमर, वाहन चालक दीपक, पंकज, ऋषभ कुमार आदि ने बताया कि बुधवार की सुबह ट्रेन आने के कारण नहटौर रेलवे फाटक बंद किया गया था। मगर, ट्रेन के गुजरने के बाद काफी देर तक सायरन बजने के बाद फाटक नहीं खुला। इस पर वाहन चालकों और राहगीरों ने गेट मैन से फाटक खोलने का आग्रह किया। मगर, बूम फंसने के कारण फाटक नहीं खुल सका। चिलचिलाती धूप में लोग वाहनों के साथ जाम में फंसे रहे। काफी देर बाद फाटक का बूम ठीक हुआ। इसके बाद आवागमन शुरू हुआ। उधर, स्टेशन मास्टर ने बताया कि अचानक बूम में तकनीकी खराबी आ गई थी। कर्मचारियों को भेजकर बूम को दुरुस्त करा दिया गया है।