बिजनौर। डीएम कार्यालय की ओर से जारी किए गए नोटिस के बावजूद वेव ग्रुप की बिजनौर और चांदपुर चीनी मिल के अध्याशी अधिकारी जवाब देने नहीं पहुंचे। इसे लेकर अब प्रशासन सख्त हो गया है। दोनों अध्याशी अधिकारियों को बर्खास्त करने की तैयारी की जा रही है। चीनी मिलों में अब नए अध्याशी अधिकारियों की नियुक्ति कराई जाएगी।
अध्याशी अधिकारी चीनी मिल के गन्ना भुगतान, गन्ना इंडेंट, रिपेयर आदि कार्य कराने के लिए अधिकृत होते हैं। अध्याशी अधिकारी की नियुक्ति डीएम की स्वीकृति के बाद होती है। वेव ग्रुप की बिजनौर चीनी मिल के अध्याशी अधिकारी अशोक कुमार व चांदपुर चीनी मिल के अध्याशी अधिकारी अनिल कुमार हैं। वेव ग्रुप की मिलों द्वारा पिछले साल का बकाया भुगतान न किए जाने पर जिले भर में किसानों ने कई धरने प्रदर्शन किए थे। शासन ने ग्रुप की दोनों मिलों के अध्याशी अधिकारियों को किसानों से वार्ता करने के लिए कई बार बुलाया, लेकिन वे नहीं आए। इससे किसानों का सारा गुस्सा जिला प्रशासन पर ही निकलता था। डीएम कार्यालय द्वारा दोनों अध्याशी अधिकारियों के खिलाफ नोटिस जारी कर उन्हें तलब किया गया था। अध्याशी अधिकारियों को भेजे गए अंतिम नोटिस में उन्हें हर हाल में आठ मार्च को डीएम के सामने तलब किया गया था, लेकिन दोनों नहीं आए। अब इस मामले में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। दोनों अध्याशी अधिकारियों को बर्खास्त करने की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में कागज तैयार किए जा रहे हैं।
होगी कार्रवाई
सहायक चीनी आयुक्त चंदन कुमार के अनुसार दोनों अध्याशी अधिकारियों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जो भी अधिकारी किसानों के बीच वार्ता करने से बचेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।