मेधावियों के लिए शासन ने खोला पिटारा
बिजनौर। स्कूलों में प्रतिभाओं को निखारने के लिए अब राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत कई प्रतियोगिता कराई जाएंगी। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाले छात्र-छात्राओं को आकर्षक इनाम दिए जाएंगे। इन प्रतियोगिताओं से छात्रों में छिपी प्रतिभाओं को निखारा जाएगा।
कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत प्रतियोगिता कराई जानी शुरू हो गई हैं। प्रतियोगिता निबंध लेखन प्रतियोगिता, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान एक वरदान, जैव विविधता आदि विषयों पर होंगी। विज्ञान विषय संबंधी चित्रकला और पोस्टर प्रतियोगिता, विज्ञान और गणित क्विज कराई जाएगी। प्रतियोगिता स्कूल स्तर से लेकर न्याय पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर पर भी होगी। प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान पर आने वाले छात्र-छात्राओं को आकर्षक इनाम बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से दिए जाएंगे। ब्लॉक स्तर पर प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को क्रमश: 500 रुपये, 300 रुपये और 200 रुपये प्रति छात्र दिए जाएंगे। जबकि जिला स्तर पर पांच हजार, तीन हजार और दो हजार रुपये प्रति छात्र को दिए जाएंगे। राज्य परियोजना निदेशक ने इन प्रतियोगिताओं को कराने के आदेश दिए हैं। जिले में बीएसए महेश चंद्र के निर्देश पर स्कूलों में यह प्रतियोगिता शुरू हो गई है।