बुरावली। गंगेश्वरी ब्लाक के दर्जनभर गांवों में रास्तों पर गंदगी व जलभराव के चलते आवागमन ठप हो गया है। गांव सलारा में प्राथमिक विद्यालय को जाने वाले रास्ते पर गंदगी व जलभराव की वजह से बच्चों सहित स्कूल स्टाफ को स्कूल जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। दूसरी ओर खरपड़ी में जगह-जगह टूटी सड़कों के कारण जलभराव की समस्या बनी हुई है। वहीं मुवारिजपुर में भी गंदगी व कीचड़ से आवागमन बंद हो गया है। गांव में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों से बीमारियों के फैलने का डर बना हुआ है। कीचड़ से नाले अटे होने से कारण जल निकासी बंद है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर सड़कों को गड्ढामुक्त कराने, जल निकासी की व्यवस्था कराने, नाली निर्माण कराने और कूड़े के ढेरों को उठवाने की मांग की है। ज्ञापन दिए जाने के दौरान चरन सिंह, रमन सिंह, झम्मन सिंह , जीराज, भानु प्रताप, मदन सिंह, महेंद्र सिंह, ज्ञानचंद आदि मौजूद रहे। इसके अलावा बुरावली, शहबाजपुर, मदारीपुर, बांसका, काला जेबड़ा, मछरिया, खरखोदा, फरौटा, हिरनौटा, मटीपुरा, छपना आदि के ग्रामीणों ने गांवों ने भी गांव के मुख्य रास्तों पर जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।