किसान कल्याण कार्यशाला में आय दुगनी करने के गुण बताए
अफजलगढ़। ग्राम स्वराज अभियान अंतर्गत ब्लॉक के ड्वाकरा हाल में किसान कल्याण कार्यशाला का आयोजन किया। इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने फसल उत्पादन बढ़ाने, किसान आय दुगनी करने के उपाय बताए। बीडीओ रोहिताश सिंह ने किसानों को सरकार के विभिन्न उपक्रमों के बारे में बताया। उनसे फसल की उपज बढ़ाने का आह्वान किया।
वहीं सुरेंद्र सिंह सहायक विकास अधिकारी कृषि रक्षा ने किसानों को फसलों में लगने वाली बीमारी, खरपतवार व उसकी रोकथाम के उपाय और दवाइयों के बारे में विस्तार से बताया। किसानों को जैविक उर्वरक और दवाईयों का प्रयोग करने की सलाह दी गई । वहीं किसान नेता चौधरी बिजेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार उनसे फसलों की उपज बढ़ाए जाने की बात करती है। मगर किसानों की फसल के वाजिब दाम दिलाने के लिए कुछ नहीं किया । किसानों को उनकी फसल का लाभकारी मूल्य स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू कर दिलाना चाहिए। तभी किसानों का कल्याण संभव है, सरकार किसान की फसल का मूल्य तो निर्धारित कर देती है। मगर फसल खरीदे जाने की उचित व्यवस्था नहीं करती है। मजबूरन किसान को अपनी फसल औने-पौने दामों पर व्यापारियों को नुकसान में बेचनी पड़ती है। सरकार को किसानों के विषय में सोचना चाहिए। गोष्ठी की अध्यक्षता चौधरी बिजेंद्र सिंह ने संचालन सुरेंद्र सिंह ने किया। कार्यशाला में एडीओ राजपाल सिंह, आनंद सिंह, बलराम सिंह, सुरेश तोमर, नरेंद्र सिंह, मन्नू सिंह, ओमकार सिंह, भूपेंद्र सिंह, हरभजन सिंह, हरदयाल सिंह, इंद्रजीत सिंह, सरजीत सिंह किसान रहे।