नजीबाबाद। कपड़े की दुकान में आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाकर आसपास फैलने से रोका।
गांव बिजौरी में मनकुआं चौराहे पर सोनू कश्यप की रेडिमेड कपड़े की दुकान है। बुधवार रात वह दुकान बंद कर घर चला गया। बताया जाता है कि रात करीब 8:30 बजे पड़ोसी दुकानदार ने सोनू की बंद दुकान के भीतर से धुआं निकलता देेेखा। दुकानदार की सूचना पर सोनू कुछ ही देर में दुकान पर पहुंच गया। दुकान का शटर उठाया, तो भीतर आग लगी थी और दुकान में रखा पूरा सामान जल रहा था। शोर मचने पर ग्रामीणों की काफी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने स्वयं ही प्रयास कर आग पर काबू पाया। संयोग से आग आसपास नहीं फैली, अन्यथा भीषण अग्निकांड पेश आता। आग बुझने तक दुकान में रखा पूरा सामान जल चुका था। पीड़ित दुकानदार सोनू कश्यप ने घटना में उसे करीब ढाई लाख रुपये की क्षति पहुंचने की बात कही।