हल्दौर। गांव मुकरंदपुर में किसानों ने बिलाई शुगर मिल के कांटे के लिए गड्ढा खोद रहे मजदूर से तीखी नोकझोंक कर वहां से भगा दिया। क्षेत्रीय किसानों ने डीसीओ को शिकायती पत्र भेजकर बिलाई शुगर मिल का कांटा गांव में नहीं लगाने की मांग की है।
गांव मुकरंदपुर में धामपुर शुगर मिल के दो व एक बिलाई शुर मिल का गन्ना क्रय केंद्र है। गांव में बिलाई शुगर मिल भी अपना एक ओर कांटा लगाना चाहती थी। बृहस्पतिवार को बिलाई शुगर मिल के कर्मचारी गांव में कांटा लगाने के लिए गड्ढा खोद रहे थे, तभी गांव के किसानों ने मौके पर पहुंचकर कांटा लगाने का विरोध किया। किसानों का कहना है कि गांव में पहले से ही तीन गन्ना क्रय केंद्र खुले हुए है, वह चौथा गन्ना क्रय केंद्र नही खुलने देेंगे। क्षेत्रीय किसानों ने बिलाई शुगर मिल का दूसरा गन्ना क्रय केंद्र नही खोलने के लिए जिला गन्ना अधिकारी को शिकायती पत्र भी भेजा है। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर गांव में चौथा कांटा खुला तो वह आंदोलन करेंगे।
विधायक ने किया गन्ना क्रय केंद्र का शुभारंभ
हल्दौर। नूरपुर के भाजपा विधायक लोकेंद्र चौहान ने गांव उमरी बड़ी में डीएसएम के गन्ना क्रय केंद्र का फीता काटकर शुभारंभ किया। क्षेत्रीय किसान पिछले कई वर्षों से गांव में गन्ना क्रय केंद्र खुलवाने की मांग कर रहे थे। विधायक लोकेंद्र चौहान ने कहा कि क्रय केंद्र खुलने से किसानों को फायदा मिलेगा। कार्यक्रम में क्षेत्रीय गन्ना जोन प्रबंधक सरूर आलम जैदी, गन्ना अधिकारी वीरेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान राजीव कुमार, अरविंद कुमार व टीकम सिंह आदि मौजूद रहे।