शेरकोट। हाईवे पर ट्रक और कार की टक्कर में कार सवार ग्राम प्रधान उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान ग्राम प्रधान की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुबारकपुर निवासी ग्राम प्रधान पद्म सिंह (35) वर्ष गांव निवासी विकास कुमार के साथ शनिवार की देर रात कार से अफजलगढ़ से घर वापस लौट रहे थे। जब वह रामगंगा नदी के निकट पहुंचे तो धामपुर की ओर से अफजलगढ़ जा रहे एक ट्रक से कार की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार दोनों घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां पर उपचार के दौरान पद्म सिंह की मौत हो गई। हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घायल विकास की हालत चिंताजनक बनी है। प्रधान के दो बेटी और एक बेटा है। प्रधान के भाई वीर सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। रविवार दोपहर बाद मृतक का अंतिम संस्कार भूतपुरी रामगंगा नदी में किया गया।