बिजनौर। एक हफ्ते से लगातार छा रहे बादलों और बूंदाबांदी को देखकर किसानों की सांसें अटकी हुई हैं। सोमवार को दिन में अचानक मौसम बिगड़ने पर बूंदाबांदी होने से किसानों में बेचैनी बढ़ गई।
पिछले हफ्ते बारिश के कारण गेहूं की गहाई पर रोक लग गई थी। मौसम साफ होने से किसानों को थोड़ी राहत मिली और गेहूं की कटाई फिर से शुरू की गई। गेहूं की फसल भीगने के कारण गहाई का काम अब भी अटका हुआ था। एक दो दिन में गहाई फिर से शुरू होगी। किसानों के खेतों में काफी फसल कटने लगी है। लेकिन सोमवार को बदलते मौसम ने किसानों की उम्मीदों को फिर से झटका दिया है। दिन में करीब 11 बजे फिर से बूंदाबांदी हुई। हालांकि कुछ ही देर में मौसम साफ हो गया। हर दूसरे दिन मौसम बिगड़ने से किसानों में बेचैनी बढ़ी हुई है। कुछ किसान मंगलवार को अपने खेतों में गन्ना बोने की तैयारी कर रहे थे। मौसम के बिगड़े मिजाज को देखकर उन्होंने सोमवार शाम को ही खेत पर जाकर गन्ना बोया।
उधर, नगीना स्थित मौसम वेधशाला के प्रेक्षक आरके शर्मा का कहना है कि मौसम खराब होने की उम्मीद कम है। अगर, मौसम खराब भी होता है तो भी केवल हल्की बूंदाबांदी ही होगी।