बिजनौर। डीडीपीएस के प्रधानाचार्य सुरजीत साहा ने कहा कि स्कूल में एक साल से फीस नहीं बढ़ाई गई है। अगले दो साल और फीस में वृद्धि नहीं होगी। एडमिशन फीस को पिछले साल आठ हजार से घटाकर पांच हजार कर दिया गया है। अभिभावक संघ द्वारा स्कूल प्रबंधन पर गलत आरोप लगाए जा रहे हैं।
स्कूल में प्रेस वार्ता में प्रधानाचार्य ने बताया कि स्कूल में पढ़ने वाले हजारों बच्चों में से केवल अभिभावक संघ के सदस्यों के चार बच्चों की स्मार्ट क्लास फीस जमा नहीं हुई है। स्मार्ट क्लास की फीस नियम के अनुसार ली जा रही है। कहा कि स्कूल में रिजल्ट के साथ ही किताबों व उनके पब्लिशर के नाम अभिभावकों को दे दिए गए हैं। अभिभावक जहां से चाहे किताबें खरीद सकते हैं। कहा कि स्कूल में अभिभावकों से कभी बिल्डिंग या अन्य फीस नहीं ली जाती है। अभिभावक संघ अभिभावकों को भड़काने की कोशिश करता है, लेकिन बाकी अभिभावक समझदार हैं। कहा कि बिना स्मार्ट क्लास फीस दिए किसी को परीक्षाफल नहीं दिया जाएगा। जो स्मार्ट क्लास फीस नहीं देना चाहते हैं वे स्कूल से अपने बच्चों के नाम कटवा लें।