डीएम ने किया पल्स पोलियो रैली का शुभारंभ
बिजनौर। जिलाधिकारी अटल कुमार रॉय ने जन जागरण के लिए पल्स पोलियो रैली का शुभारंभ किया।
कलक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में रैली को डीएम ने गुब्बारे उड़ाकर और झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि जिले को पूरी तरह पोलियोे मुक्त बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि पूर्ण सजगता और सतर्कता के साथ इस क्षेत्र में कार्य किया जाए । उन्होंने कल 11 मार्च को संपन्न होने वाले पल्स पोलियो दिवस को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बूथ कवरेज पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया जाए। स्कूली बच्चों की टोली बना कर एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व आशाओं को घर-घर भेज कर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को बूथ पर लाने के लिए अभिभावकों को प्रेरित करें, ताकि बूथ पर अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा सके। उन्होंने इस कार्य में बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र खुले रखें और पोलियो अभियान को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।। रैली में मुख्य चिकित्साधिकारी राकेश मित्तल के अलावा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।