स्योहारा/कोतवाली देहात।
नूरपुर से भाजपा विधायक लोकेंद्र चौहान को श्रद्धांजलि देने के लिए सोमवार को भाजपा नेता कलराज मिश्र और परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह आलमपुरी पहुंचे। उन्होंने लोकेंद्र चौहान के कार्यों की सराहना की और उनके निधन को पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताया।
कलराज मिश्र ने लोकेंद्र चौहान के पिता, भाई सीपी सिंह और बेटों से बात कर उन्हें सांत्वना दी। कहा कि लोकेंद्र ने गांव से लेकर दिल्ली तक पहचान बनाई थी। युवा नेता के तौर पर जिले का नाम रोशन किया। उनके परिवार को पूरा सहयोग किया जाएगा। प्रदेश के परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भी विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव सिसौदिया, उपाध्यक्ष दिनेश सैनी, महामंत्री पुष्पेंद्र सिंह, पूर्व विधायक ओमप्रकाश, डॉ. तेजपाल वर्मा, गिरीश आदि मौजूद रहे।
उधर, कोतवाली देहात के दयानंद इंटर कॉलेज कोतवाली में आयोजित आर्य समाज सभा की बैठक में नूरपुर के विधायक लोकेंद्र चौहान की सड़क दुर्घटना में हुई मौत पर शोक व्यक्त किया गया। इस दौरान जिला आर्य प्रतिनिधि मंडल सभा के संयोजक चौधरी अमन सिंह, प्रधानाचार्य अशोक कुमार त्यागी, रूद्र पाल सिंह, महावीर सिंह आदि उपस्थित रहे।