पैजनियां-चांदपुर मार्ग का जल्द होगा चौड़ीकरण
हल्दौर (बिजनौर)। करीब 21 करोड़ रुपये की लागत से पैजनियां-नहटौर मार्ग का चौड़ीकरण होगा। मार्ग के किनारे स्थित गांवों में निर्माण क्षेत्र के दायरे में स्थित भवनों को ध्वस्तिकरण के लिए चिह्नित कर लिया गया है। इससे भवन स्वामियों में हड़कंप मचा हुआ है।
गांव पैजनियां से नहटौर जाने वाला मार्ग करीब 13 किलोमीटर लंबा है। यह मार्ग कई वर्षों से जर्जर हालत में है। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों ने मामले की शिकायत नूरपुर क्षेत्र के विधायक लोकेंद्र चौहान से की। विधायक के प्रयास से केंद्रीय मार्ग निधि से इस मार्ग को बनवाया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के जेई ने बताया कि प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस मार्ग के निर्माण के लिए करीब 21 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है।
सड़क के दोनों ओर पैदल चलने वालों के लिए दो-दो मीटर पटरी बनाई जाएगी। आबादी क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर नालों का निर्माण कराया जाएगा। इस मार्ग पर स्थित पैजनियां, मलपुरा, भवानीपुर, जमालपुर, मीमला मुस्तफाबाद, तालमपुर, सदरूद्दीननगर गांवों में कुछ भवन निर्माण क्षेत्र के दायरे में हैं। मंगलवार को विभागीय टीम ने उक्त कुछ गांवों में ऐसे भवनों को ध्वस्तिकरण के लिए चिह्नित किया।
चांदपुर मार्ग भी जल्द बनेगा
हल्दौर। पैजनियां-नहटौर निर्माण के साथ पैजनियां से चांदपुर जाने वाले करीब 10 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव है। सड़क निर्माण के स्टीमेट को केंद्र सरकार के पास मंजूरी के लिए भेज दिया गया है। इस मार्ग को चांदपुर से वाया दत्तियाना होते हुए मेरठ जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। मार्ग के जुड़ने से मेरठ-दिल्ली जाने के लिए करीब 40 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी। यात्रियों को मेरठ-दिल्ली जाने के लिए बिजनौर जाने की आवश्यकता नहीं पडे़गी।