अफजलगढ़ (बिजनौर)। मुहम्मदपुर राजौरी में टूरिस्ट बस से कुचलकर एक साइकिल सवार अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। तहरीर मिलने पर आरोपी बस ड्राइवर के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की बात कह रही है।
गांव मौहम्मदपुर राजौरी निवासी गेंदा सिंह (47) वर्ष बुधवार सुबह साइकिल से अपने खेत पर जा रहे थे। जब वह साइकिल लेकर मार्ग पर आए तो जसपुर की ओर से आ रही टूरिस्ट बस ने उन्हें कुचल दिया। अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से शव को कब्जे में ले लिया। घटना को अंजाम देकर भाग रहे चालक को पुलिस ने पकड़ लिया। मृतक की एक पुत्री का हाल में रिश्ता हुआ था। मार्च में उसकी शादी थी। पिता की मौत से बेटी की शादी की खुशियां मातम में बदल गई। उधर, कोतवाल प्रेमवीर सिंह राणा का कहना है कि परिवार की ओर से तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई होगी।