बिजनौर। जिले की सहकारी समितियों के संचालक मंडल के लिए नामांकन कराने के लिए समितियों पर गहमागहमी का माहौल रहा। समितियों पर व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस तैनात रही। जिले में संचालक मंडल के लिए 2221 दावेदारों ने नामांकन कराया है। सबसे अधिक नामजदगी कोतवाली ब्लाक में हुई है। 21 जनवरी नाम वापसी का दिन है।
एआर(सहायक निबंधक) अमित कुमार त्यागी के अनुसार जिले में 96 सहकारी समितियां हैं। समितियों के संचालक मंडल के लिए 20 जनवरी को नामांकन हुआ। कुल 2221 दावेदारों ने नामांकन फार्म जमा किए हैं। इनमें कोतवाली ब्लाक की 16 समितियों पर 335, हल्दौर की छह समितियों में 206, धामपुर की 10 समितियों में 175, नजीबाबाद की 14 समितियों में 303, अफजलगढ़ की तीन समितियों में 101, मोहम्मदपुर ब्लॉक की नौ समितियों में 215, जलीलपुर ब्लाक की आठ समिति में 176 , स्योहारा ब्लॉक की आठ समितियों में 133, नूरपुर ब्लॉक की नौ समितियों में 228, नहटौर ब्लॉक की आठ समिति में 198 और किरतपुर ब्लॉक की पांच समितियों पर 151 दावेदारों ने नामांकन पत्र भरे हैं। एआर के मुताबिक 21 जनवरी को नामांकन पत्र वापस लिए जा सकते हैं। 22 जनवरी नामांकन पत्रों की जांच के लिए तय है। संचालक मंडल के मतदान 29 जनवरी को है। गजरौला अचपल सहकारी समिति में संचालक मंडल के लिए 20 दावेदारों ने नामांकन कराया है। इनमें पांच महिलाएं हैं। एमडी कृपाल सिंह के अनुसार समिति में कुल 1323 सदस्य हैं।
335 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र लिए
नगीना। विकास क्षेत्र कोतवाली देहात के तहत आने वाली सहकारी समितियों में संचालक पद के लिए नामांकन पत्र कुल 335 उम्मीदवारों ने लिए और 321 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र जमा किए।
अपर जिला सहकारी अधिकारी सौरभ गुप्ता व एडीओ पंचायत (निर्वाचन अधिकारी) सुशील कुमार ने बताया कि शनिवार को विकास क्षेत्र कोतवाली देहात के अन्तर्गत आने वाली सभी 16 साधन सहकारी समितियों ने नामांकन पत्र खरीदने का कार्य सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम चार बजे तक चला। जिसमें साधन सहकारी समिति कोतवाली देहात में कुल 31 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदे व 29 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र जमा किए। साधन सहकारी समिति महेश्वरी जट में 26 नामांकन पत्र बिके 26 जमा हुए। हकीकतपुर सहसू में 10 नामांकन पत्र बिके व 10 जमा हुए। पुरैनी में 17 नामांकन पत्र बिके तथा 17 नामांकन पत्र जमा हुए। पखनपुर में 17 नामांकन पत्र बिके 17 हमा हुए, बनीगनेश में 23 नामांकन पत्र बिके तथा 20 जमा हुए, शादीपुर में 20 नामांकन पत्र बिके 20 जमा हुए, मुर्तजापुर में 36 नामांकन पत्र बिके 33 नामांकन पत्र जमा किए गए, इस्माईलपुर दमी में 25 नामांकन पत्र बिके 24 जमा हुए, कुन्जैटा में 21 नामांकन पत्र बिके 20 जमा हुए, नंगला लद्द्धा में 14 नामांकन पत्र बिके 13 जमा हुए, खुशहालपुर मठेरी में 20 नामांकन पत्र बिके तथा 20 नामांकन पत्र जमा हुए। खैरूल्लापुर में 18 नामांकन पत्र बिके 18 ही जमा हुए, काजीपुर इम्मा में 17 नामांकन पत्र बिके 17 नामांकन पत्र जमा हुए, कालाखेड़ी में 18 नामांकन पत्र बिके तथा 17 नामांकन पत्र जमा हुए। सहकारी समिति भगवानपुर में 20 नामांकन पत्र बिके तथा 20 नामांकन पत्र जमा किए गए।
दो खेमों में बंटे
किरतपुर। किसान सेवा सहकारी समिति के संचालक मंडल का चुनाव विवादित होता जा रहा है। नौ सदस्यीय संचालक मंडल में बहुमत प्राप्त कर सभापति की कुर्सी पर काबिज होने के लिए समिति से संबंधित नेता दो खेमों में बंटे हुए हैं। इसकी वजह से 29 तारिख को होने वाला यह चुनाव बेहद दिलचस्प होने की संभावना है।
एक गुट की कमान संभाल रहे क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता रावेन्द्र सिंह व चौधरी रमेश सिंह अपने समर्थक मतदाताओं के हस्ताक्षर युक्त एक प्रार्थना पत्र आला अधिकारियों को प्रेषित कर नियुक्त किए गए चुनाव अधिकारी धर्मेंद्र सिंह व व उपचुनाव अधिकारी सत्यवीर सिंह की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए उनके स्थान पर अन्य चुनाव अधिकारी नियुक्त करने की मांग की है।
नामांकन के दौरान रही सुरक्षा व्यवस्था
नूरपुर/राजा का ताजपुर। शनिवार को ब्लॉक की किसान सेवा सहकारी समिति के संचालक पद के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई। सभी समितियों में नामांकन के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। नूरपुर ब्लॉक में गोहावर में दो, नूरपुर में दो किसान सेवा सहकारी समिति के अलावा शिवाला कलां, फीना, रतनगढ़, खासपुरा, राजा का ताजपुर आदि समिति हैं। शनिवार को सभी समितियों में संचालक के पद के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई। 23 जनवरी को नाम वापसी के बाद दावेदारों की लिस्ट जारी की जाएगी। उधर राजा का ताजपुर किसान सेवा सहकारी समिति में बोर्ड का निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है। समिति के नौ संचालकों के लिए केवल एक-एक नामांकन ही दाखिल किया गया है।
सोमवार को नामांकन की होगी जांच
चंदक । किसान सहकारी समिति खुड़ाहेड़ी पर नौ संचालकों के लिए 31 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया । सोमवार को नामांकन की जांच की जाएगी। किसान सहकारी समिति खुड़ाहेड़ी पर नौ संचालकों के लिए प्रत्याशियों ने शनिवार को नामांकन कराया। इसमें करीमपुर बमनौली से दो,किशनपुर से पांच, खुड़ाहेड़ी से पांच, बुडगरा से दोड, बरकातपुर उर्फ खिरनी से चार, बुडगरी से तीन, भवानीपुर से चार, रामजीवाला से एक, रायपुर से पांच ने नामांकन कराया।