स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पर डीएम नाराज
बिजनौर। डीएम ने विकास कार्यों की मासिक समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य योजनाओं में प्रगति और अधिकारियों में सामंजस्य न मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई। कम प्रगति वाली योजनाओं के अधिकारियों के पत्र शासन को प्रेषित करने की चेतावनी दी। शासकीय कार्यों में शिथिलता बरतने पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रवीण मिश्र के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीडीओ डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी को निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम ने कहा कि कोई भी अधिकारी विभागीय लक्ष्य के सापेक्ष लापरवाही न करें। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं में केवल 39 प्रतिशत राशि व्यय किए जाने पर सीएमओ को संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जो भी व्यक्ति शिकायत या समस्या लेकर किसी अधिकारी के पास आए, उसे गंभीरता के साथ लें और उसका निराकरण करना सुनिश्चित करें। सभी अधिकारी सुबह नौ से 11 बजे तक कार्यालय में बैठें। यदि निर्वाचन अथवा अन्य कार्य से कार्यालय में बैठना संभव न हो तो अपने अधीनस्थ अधिकारी को शिकायत सुनने के लिए नामित करें।
बेसिक शिक्षा, पौष्टिक आहार योजना, स्वास्थ्य विभाग के तहत विभागीय निर्माण के अपूर्ण कार्य के अलावा जननी सुरक्षा योजना में लाभार्थियों को भुगतान, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, बाल स्वास्थ्य गारंटी योजना, नियमित टीकाकरण योजना, परिवार नियोजन, लोनिवि में 50 लाख से अधिक लागत की सड़क निर्माण में पूर्ण परियोजनाओं की प्रगति, जल निगम विभाग की पाइप पेयजल योजना, छात्रवृत्ति, कृषि, सिंचाई, गन्ना, महिला एवं शिशु विकास कल्याण सहित अन्य विभागों की कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट इंद्रजीत सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व सुरेंद्र राम, सीएमओ डॉ. राकेश मित्तल, जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अमित कुमार आदि मौजूद रहे।